भक्ति और ज्ञान से जीवन को नई दिशा देती है श्रीमद्भागवत कथा : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
भक्ति और ज्ञान से जीवन को नई दिशा देती है श्रीमद्भागवत कथा : गणेश केसरवानी


गाजे-बाजे के साथ निकली मंगल कलश यात्रा, 30 सितंबर से दोपहर तीन बजे शुरू होगी कथा

प्रयागराज, 29 सितंबर (हि.स.)। श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को भक्ति और ज्ञान के माध्यम से जीवन को सही दिशा देने का मार्ग दिखाती है। कथा के श्रवण से मन में सकारात्मक विचार आते हैं और धार्मिक संस्कार मजबूत होते हैं। यह बातें प्राचीन दधिकांदो मेला कमेटी कृष्णानगर, त्रिवेणी मार्ग कीडगंज के संरक्षक एवं महापौर गणेश केसरवानी ने मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा भक्ति ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ से पूर्व कहीं।

श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर मंगलवार को ज्ञान पुस्तकालय, कीडगंज के प्रांगण से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के शुभारंभ से पहले महापौर गणेश केसरवानी ने पत्नी एवं पूर्व पार्षद सविता केसरवानी के साथ विधि-विधान से देव पूजन, भूमि पूजन और कलश पूजन किया। इसके बाद श्रीमद्भगवद्गीता को सिर पर धारण कर मंगल कलश यात्रा का शुभारंभ किया।

मंगल कलश यात्रा में बैंड, डीजे, ढोल-नगाड़े और ध्वज-पताकाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सैकड़ों महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर यात्रा में चल रही थीं। इससे पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। यात्रा ज्ञान पुस्तकालय से शुरू होकर एडीसी चौराहा पहुंची। यहां से यमुना घाट पर पहुंचकर पूजन किया गया। इसके बाद यात्रा शंकर लाल भार्गव मार्ग, कीडगंज, सती शाह चौराहा और त्रिवेणी मार्ग होते हुए वापस ज्ञान पुस्तकालय पहुंचकर संपन्न हुई।

कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 30 सितंबर से ज्ञान पुस्तकालय के प्रांगण में पूज्य बटुक जी महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर मनीष केसरवानी, अजय जायसवाल, अमरेश जायसवाल, पार्षद मुकेश कसेरा, बब्बन प्रजापति, आकाश सोनकर, भोला तिवारी, दुर्गेश नंदिनी, राजेश केसरवानी, अंकुश शर्मा, प्रमोद मोदी, राजू पाठक, राजेश सोनकर, गिरिराज मिश्रा, सुभाष चंद्र वैश्य, पप्पू केसरवानी, अजय अग्रहरि, विष्णु त्रिपाठी, मनोज मिश्रा, रमेश पासी, प्रेम नारायण केसरवानी, राजन शुक्ला सहित कमेटी के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story