बारिश भी नहीं रोक सकी स्वच्छताग्रहियों के कदम, 157 घंटे का महासफाई अभियान शुरू : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
बारिश भी नहीं रोक सकी स्वच्छताग्रहियों के कदम, 157 घंटे का महासफाई अभियान शुरू : गणेश केसरवानी


बारिश भी नहीं रोक सकी स्वच्छताग्रहियों के कदम, 157 घंटे का महासफाई अभियान शुरू : गणेश केसरवानी


स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नागवासुकी मंदिर से अभियान का शुभारंभ, महापौर ने 75 स्वच्छता एवं सेवा वाहनों को दिखाई हरी झंडी

प्रयागराज, 25 सितंबर (हि.स.)। तेज बारिश के बीच भी स्वच्छताग्रहियों का उत्साह कम नहीं हुआ। स्वच्छता के प्रति इसी संकल्प के साथ नगर निगम प्रयागराज ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नागवासुकी मंदिर से 157 घंटे के सतत महासफाई अभियान की शुरुआत की। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा कि बारिश स्वच्छता अभियान में बाधा नहीं बन सकती। स्वच्छता के लिए नगर निगम की टीमें पूरी तत्परता से लगातार काम करती रहेंगी।

महापौर ने सुबह 8:30 बजे नागवासुकी मंदिर परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। इसके साथ ही मंदिरों से निकलने वाले फूलों से सुंदर रंगोली बनाई गई और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। महापौर ने नगर निगम के 75 स्वच्छता एवं सेवा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान को गति प्रदान की। लगातार बारिश के बावजूद नगर निगम के डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन, स्वीपिंग मशीन, सक्शन-कम-जेटिंग मशीन, डी-सिल्टिंग वाहन, जेसीबी, प्रचार वाहन, आरएसएम और जलकल विभाग के वाहन अपने-अपने कार्य में जुटे रहे। इन वाहनों के माध्यम से शहर में लगातार सफाई, कूड़ा उठान और अन्य स्वच्छता कार्य किए जाएंगे।

महापौर ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छताग्रहियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए 157 घंटे के अभियान को सफल बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

नगर निगम के अनुसार, 157 घंटे के सतत महासफाई अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। प्रयागराज नगर निगम शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का संचालन करता है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छताग्रही मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story