नैनी पुराने पुल पर बढ़ी रोशनी, रात में और निखरेगा पुल का सौंदर्य : गणेश केसरवानी
17 लाख रुपये की लागत से दोनों मार्गों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण
प्रयागराज, 16 सितंबर (हि.स.)। नैनी पुराना पुल प्रयागराज के महत्वपूर्ण मार्गों के साथ शहर की पहचान से भी जुड़ा है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात में पुल का दृश्य और आकर्षक होगा, वहीं आवागमन करने वाले नागरिकों को भी पर्याप्त रोशनी की सुविधा मिलेगी। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने बुधवार को नैनी पुराने पुल पर नई प्रकाश व्यवस्था के लोकार्पण के अवसर पर कहीं।
नगर निगम की ओर से नैनी पुराने पुल पर आने और जाने वाले दोनों मार्गों पर करीब 17 लाख रुपये की लागत से आकर्षक प्रकाश व्यवस्था स्थापित की गई है। महापौर ने इसका लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, पुलों और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से जोड़ने का कार्य कर रहा है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ रात में आवागमन भी सुविधाजनक होगा।
महापौर ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था केवल शहर की सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे सार्वजनिक स्थलों के बेहतर उपयोग और रात्रिकालीन आवागमन में भी सुविधा मिलती है। नैनी पुराने पुल पर दोनों दिशाओं में लगाई गई आकर्षक लाइटों से रात में पुल का स्वरूप और अधिक सुंदर दिखाई देगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थापित प्रकाश व्यवस्था का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के जिन प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।
नई प्रकाश व्यवस्था शुरू होने से नैनी पुराने पुल और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्य में भी वृद्धि हुई है। नगर निगम की इस पहल से स्थानीय लोगों और पुल से होकर गुजरने वाले नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।
लोकार्पण के अवसर पर पार्षद रुद्र सेन जायसवाल, सतीश केसरवानी, नीरज गुप्ता, किरण जायसवाल, नीरज टंडन, मुकेश कसेरा, संजीव पांडेय, मनीष केसरवानी, अंकुश शर्मा, शुभम वैद्य, प्रियम वैद्य, धीरज अवस्थी, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, अंकित कुमार, अविनाश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

