स्वच्छ पेयजल नागरिक की मूलभूत आवश्यकता, सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ पेयजल नागरिक की मूलभूत आवश्यकता, सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


स्वच्छ पेयजल नागरिक की मूलभूत आवश्यकता, सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


भरद्वाजपुरम में वाटर एटीएम का लोकार्पण, 200 घरों को प्रतिदिन मिलेगा 20 लीटर शुद्ध पेयजल

प्रयागराज, 05 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में लोगों को आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रयागराज निरंतर कार्य कर रहा है। यह बातें शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने वार्ड संख्या 69 भरद्वाजपुरम के संजय नगर, अल्लापुर बस्ती में नगर निगम द्वारा स्थापित वाटर एटीएम के लोकार्पण के अवसर पर कहीं।लोकार्पण के बाद महापौर ने वाटर एटीएम को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक और उपयोगी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। संजय नगर, अल्लापुर बस्ती में स्थापित वाटर एटीएम से क्षेत्र के लगभग 200 घरों को प्रतिदिन 20 लीटर स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रयागराज शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास और जनसुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में, जहां शुद्ध पेयजल की आवश्यकता अधिक है, वाटर एटीएम जैसी सुविधाओं का विस्तार उपयोगी साबित होगा।

महापौर ने कहा कि वाटर एटीएम का उद्देश्य नागरिकों को आसानी से स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। नियमित रूप से पेयजल की सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों को सुविधा के साथ ही जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वाटर एटीएम का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन का मूल उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सुगम बनाना है। जनसुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने वाटर एटीएम की व्यवस्था एवं संचालन से संबंधित जानकारी महापौर को दी। वाटर एटीएम के लोकार्पण से क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त प्रयागराज डॉ. लोकेश एम., नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार, जोनल अधिकारी नवनीत सांख्वार, अधिशासी अभियंता जलकर संदीप उपाध्याय, अवर अभियंता जलकर जेबा, अवर अभियंता राम सक्सेना, क्षेत्रीय पार्षद शिवसेना सिंह पटेल, आनंद घड़ियाल, विनय मिश्रा सिंटू, सुभाष चंद्र वैश्य, भारत निषाद सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story