हर वार्ड में बेहतर सड़क, स्वच्छता और जल निकासी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
हर वार्ड में बेहतर सड़क, स्वच्छता और जल निकासी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


लगभग 30 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, आर्य समाज चौक का मुख्य द्वार और नारायण सिंह नगर की गलियां जनता को समर्पित

प्रयागराज, 04 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मोहल्लों की गलियों और संपर्क मार्गों का सुधार आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सीधे प्रभावित करता है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने शुक्रवार को जोन-2 के वार्ड संख्या 59 में लगभग 30 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण के दौरान कहीं।

महापौर ने कहा कि प्रयागराज के विकास में प्रत्येक मोहल्ले और वार्ड की समान भागीदारी सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क और गली सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की गति अब शहर की प्रत्येक गली तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

आर्य समाज चौक का मुख्य द्वार और दो गलियों का हुआ सुधार

महापौर गणेश केसरवानी ने आर्य समाज चौक, जीरो रोड के मुख्य द्वार के निर्माण कार्य का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही नारायण सिंह नगर में बचपन स्कूल के सामने से जीरो रोड स्थित मकान संख्या 28 तक गली के सुधार कार्य तथा जैन मंदिर से शिव मंदिर होते हुए बादशाही मंडी तक गली सुधार कार्य का भी लोकार्पण किया गया।

महापौर ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों और प्रवेश स्थलों का विकास क्षेत्र की पहचान को मजबूत करने के साथ ही उसके सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आर्य समाज चौक के मुख्य द्वार के निर्माण से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को व्यवस्थित वातावरण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नारायण सिंह नगर में कराए गए गली सुधार कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। स्कूल, मंदिर और मुख्य मार्ग से जुड़ी इन गलियों के सुधरने से क्षेत्रवासियों के साथ आसपास आने-जाने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा।

विकास कार्यों से बढ़ेगी आवागमन की सुविधा

महापौर ने कहा कि सड़क और गलियों का निर्माण एवं सुधार केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि शहर के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। इन कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जनता को विकास कार्यों का स्थायी लाभ मिल सके।

उन्होंने लोकार्पण के बाद क्षेत्रवासियों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और नगर निगम स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

विकास कार्यों के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम और महापौर का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि सड़क और गली सुधार जैसे कार्य सीधे तौर पर आम जनता के लिए उपयोगी हैं। क्षेत्रवासियों ने आवश्यकता के अनुसार अन्य विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद नेम कुमार यादव, पंकज जायसवाल, राम जी केसरवानी, दिनेश केसरवानी, गौरी शंकर वर्मा, पंकज शुक्ला, रंजना त्रिपाठी, प्रताप नारायण मिश्रा, रवींद्र नाथ जायसवाल, अंगद शुक्ला, दिनेश विश्वकर्मा, अर्चना पाठक, ललित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story