जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करें अधिकारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करें अधिकारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : गणेश केसरवानी


पार्षदों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश जल निकासी और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर

प्रयागराज, 03 सितंबर (हि.स.)। जलभराव की समस्या का केवल अस्थायी समाधान न किया जाए, बल्कि जल निकासी, सीवर और नालों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों को बेहतर जल निकासी, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने जोन-01 खुल्दाबाद और जोन-03 सिविल लाइंस क्षेत्र की जलप्लावन, जल निकासी और साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए।

द फोर सीजन गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में गुरुवार काे महापौर ने दोनों जोन के विभिन्न वार्डों में जलभराव, सीवर-नाला सफाई, कूड़ा उठान, साफ-सफाई और अन्य नगरीय सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं, जलभराव वाले स्थानों और सीवर-नालों से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी दी।

महापौर ने पार्षदों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था की जाए। नालों और सीवर चैंबर की नियमित जांच हो और जहां भी अवरोध मिले, उसे तत्काल दूर कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल निकासी और सफाई के लिए अतिरिक्त मैनपावर की जरूरत है, वहां तत्काल आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। सीवर, नाला और जल निकासी की समस्याओं के समाधान में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि संभावित समस्याओं की पहले से पहचान कर उनका समाधान करना है। इसके लिए जोनल और क्षेत्रीय अधिकारी नियमित रूप से फील्ड विजिट करें और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ गलियों और मोहल्लों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक वार्ड की स्थानीय और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर काम किया जाए। पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

महापौर ने कहा कि जनता को बेहतर जल निकासी, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए परिणाम सुनिश्चित करें। विकास और जनसुविधा से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी जोन-01 नीरज सिंह, जोनल अधिकारी जोन-03 सौरभ यादव, जेडएसओ अरविंद सिंह, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मौर्य, अभियंता राकेश विश्वकर्मा, विनोद पटेल सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पार्षद गुलाब सिंह पटेल, दिग्विजय कुशवाहा, दुर्गेश नंदनी, हाजी सलामत उल्ला, फजल खान, अब्दुल समद, सोनिका अग्रवाल, भास्कर पटेल, मोहित पासी, संजय पासवान, मीनू तिवारी, श्याम चंद्र हेला, आनन्द घड़ियाल, भोला तिवारी, पंकज जायसवाल, अजय यादव सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story