जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग कर कराएं जल निकासी : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग कर कराएं जल निकासी : गणेश केसरवानी


नालों की नियमित सफाई, फॉगिंग और चूना छिड़काव के दिए निर्देश; जनसुविधाओं के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

प्रयागराज, 21 अगस्त (हि.स.)। पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के दौरान अधिकांश जलभराव वाले क्षेत्रों से पंपिंग के माध्यम से पानी निकाल दिया गया है। इसके बावजूद जिन स्थानों पर पानी भरा हुआ है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए। उक्त निर्देश शुक्रवार को नगर निगम प्रयागराज में हुई बैठक में महापौर गणेश केसरवानी ने दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।

महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम के जोन-04 अल्लापुर और जोन-06 मीरापट्टी कार्यालय में पार्षदों एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अभी भी जलभराव है, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था की जाए।

बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव, नाला-नाली की सफाई, स्वच्छता तथा जल निकासी से जुड़ी समस्याएं महापौर के सामने रखीं। महापौर ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने नाला-नालियों की नियमित सफाई कराने, आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग और चूना छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।

महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव और सफाई से जुड़ी समस्याओं को केवल शिकायत मिलने के बाद दूर करने के बजाय संवेदनशील क्षेत्रों की पहले से पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी जोन-04 एवं जोन-06, पार्षद अनुपमा पाण्डेय, दीपिका सिंह पटेल, शिव सेवक सिंह, रुद्रसेन जायसवाल, मुकेश लारा, आशीष द्विवेदी, कृष्ण कुमार, सोनू पाठक, आकाश सोनकर, सिंटू मिश्रा, रितेश मिश्रा, अनिल गुप्ता, सुनील केसरवानी, राजू पाठक सहित मनोज श्रीवास्तव, अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story