हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता : महापौर


महापौर ने तीन नए रिबोर नलकूपों का किया लोकार्पण, 1500 से अधिक घरों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

प्रयागराज, 01 जुलाई (हि.स.)। प्रत्येक घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उक्त बातें बुधवार को तीन नए रिबोर नलकूपों का लोकार्पण करते हुए प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और जल की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए पेयजल अवसंरचना को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने नया कटरा और पुराना कटरा क्षेत्र में तीन नए रिबोर नलकूपों का लोकार्पण किया, जिससे 1500 से अधिक घरों को शुद्ध एवं नियमित पेयजल की सुविधा मिलेगी।

सामान्य निधि योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-78 नया कटरा के वीर सावरकर पार्क, माधवकुंज कॉलोनी में मिनी रिबोर नलकूप तथा बेली रोड स्थित कांजी हाउस, बीएसए कार्यालय के पास बड़े रिबोर नलकूप का लोकार्पण किया गया। वहीं वार्ड संख्या-63 पुराना कटरा के खोवा मंडी, पीला शिवाला गली में स्थापित मिनी रिबोर नलकूप का भी शुभारंभ किया गया।

लोकार्पण के अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि जहां भी जलापूर्ति में कमी या तकनीकी समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर रिबोर नलकूप, पाइपलाइन सुधार और अन्य आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा किसी भी शहर के समग्र विकास की आधारशिला होती है और नगर निगम प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।

महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि नए रिबोर नलकूप शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में जल संकट की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में पर्याप्त जलापूर्ति की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए रिबोर नलकूपों के संचालन से हजारों लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा तथा दैनिक जीवन की समस्याओं से राहत मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद सोनिका अग्रवाल, अजय यादव, आनंद अग्रवाल, रमेश शुक्ला, श्याम प्रकाश पांडेय, अवनीश तिवारी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, अमन केसरवानी, अभिषेक सिंह, विवेक गौड़, रतन प्रकाश शुक्ला 'चंदन', जलकल विभाग के महाप्रबंधक संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता रमेश चंद, अवर अभियंता आशीष यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story