आलम साहब को लेकर करौली शंकर कर रहे भ्रामक प्रचार, उनका वास्तविक नाम दशहरा दास था : महंत जगतार मुनि

WhatsApp Channel Join Now
आलम साहब को लेकर करौली शंकर कर रहे भ्रामक प्रचार, उनका वास्तविक नाम दशहरा दास था : महंत जगतार मुनि


आलम साहब मुस्लिम नहीं, हिंदू समाज से थे, अखाड़े में उनकी समाधि को मजार बताकर फैलाया जा रहा भ्रम

प्रयागराज, 27 नवंबर (हि.स.)। करौली शंकर आलम साहब के बारे में गलत जानकारी देकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। आलम साहब का वास्तविक नाम दशहरा दास था और वह मुस्लिम नहीं, बल्कि हिंदू समाज से थे। उनके नाम के साथ आलम जुड़ने की वजह उनके गांव का नाम था। यह बातें शुक्रवार काे श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के सचिव महंत जगतार मुनि ने कहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि करौली शंकर अखाड़े में स्थित दशहरा दास की समाधि को मजार बताकर हिंदू समाज के बीच भ्रम फैला रहे हैं और अखाड़े को हिंदू विरोधी साबित करने का प्रयास कर रहे हैं।

महंत जगतार मुनि ने बताया कि दशहरा दास बेहद विद्वान व्यक्ति थे। उन्होंने बनारस में शिक्षा प्राप्त की थी और पीएचडी भी की थी। उनका संबंध पंजाब के अबोहर मंडी के पास स्थित आलंबन आलमवाले गांव से था। उसी गांव के नाम के कारण लोग उन्हें आलम साहब कहने लगे थे। उनकी समाधि पंजाब स्थित उनके गांव में भी है।

उन्होंने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण पूरी तरह सनातन परंपराओं और व्यवस्थाओं के अनुसार संचालित होता है। अखाड़े में न तो कोई मस्जिद है और न ही किसी पीर बाबा की मजार। प्रयागराज स्थित अखाड़े में दशहरा दास (आलम साहब) का समाधि स्थल है। इसे मजार बताकर गलत प्रचार किया जा रहा है।

महंत जगतार मुनि ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं और इतिहास को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाना उचित नहीं है। आलम साहब के वास्तविक परिचय और उनके समाधि स्थल की सही जानकारी समाज के सामने रखी जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784481 Articles

Share this story