बाबा आलम पूर्ण रूप से सनातनी थे, उनका वास्तविक नाम दशरथ दास था : महंत दुर्गादास
करौली शंकर की टिप्पणी पर उदासीन अखाड़ों के संतों ने जताई आपत्ति, आरोपों को बताया निराधार
प्रयागराज, 28 नवंबर (हि.स.)। बाबा आलम साहेब पूर्ण रूप से सनातनी थे। उनका वास्तविक नाम दशरथ दास था और पंजाब के आलम गांव में जन्म होने के कारण उन्हें आलम बाबा साहेब के नाम से जाना गया। यह दावा शनिवार को मीडिया से श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण के श्रीमहंत दुर्गादास जी महाराज ने किया। पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने करौली शंकर की ओर से बाबा आलम साहेब और अखाड़े की परंपराओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि अखाड़े की कार्यप्रणाली पारदर्शी है और आय-व्यय का पूरा हिसाब रखा जाता है।
श्रीमहंत दुर्गादास ने कहा कि अखाड़े में किसी भी प्रकार का खर्च पदाधिकारियों की सहमति और निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाता है। अखाड़ों में संतों के पदचिह्नों और उनकी पादुकाओं का पूजन करना प्राचीन परंपरा है। सभी अखाड़े अपनी-अपनी परंपराओं और पद्धतियों के अनुसार इसका पालन करते हैं। इसे लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं फैलाया जाना चाहिए।
उन्होंने महामंडलेश्वर पद की गरिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अत्यंत सम्मानित पद है। महामंडलेश्वर का प्रमुख दायित्व अपनी मंडली के साथ देशभर में भ्रमण कर सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना और समाज को सही दिशा दिखाना है।
इस मौके पर महंत जगतार मुनि ने बताया कि करौली शंकर की टिप्पणी पर विभिन्न अखाड़ों के संतों ने भी कड़ी आपत्ति जताई है। इनमें श्री पंचायती अखाड़ा मां निर्वाणी के महंत यमुना पुरी, राजस्थान के महामंडलेश्वर योगेंद्रानंद जी महाराज, हरिद्वार के अमर दास जी महाराज, वृंदावन के इंद्र दास जी महाराज और जालंधर के महामंडलेश्वर सदानंद जी महाराज शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता में पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के सचिव जगतार मुनि, पंचायती निर्मल अखाड़ा के सचिव देवेंद्र सिंह शास्त्री, पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के पुजारी मोहन दास और पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के कोठारी व्यास मुनि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

