(संशोधित) प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत, एक युवक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
(संशोधित) प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत, एक युवक गंभीर घायल


प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में स्थित प्रयागराज में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो गायों की भी जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सराय इनायत थाना क्षेत्र के चकिया धराहरा गांव निवासी संग्राम यादव (60) पुत्र स्व. राम नेवाज यादव की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र ज्ञान सिंह उर्फ गुड्डू यादव गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसी दौरान जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के जलालपुर मलाक बेला गांव निवासी राम बहादुर (49) पुत्र स्व. राजाराम की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इस प्रकार अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में दो किसानों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई।

डीसीपी गंगानगर ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ है। घायल का समुचित उपचार कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story