के पी ट्रस्ट के मौजूदा अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों पर अनियमितताओं के गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now
के पी ट्रस्ट के मौजूदा अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों पर अनियमितताओं के गंभीर आरोप


के पी ट्रस्ट के मौजूदा अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों पर अनियमितताओं के गंभीर आरोप


प्रयागराज, 28 मार्च (हि.स.)। एशिया के सबसे बड़े ट्रस्टों में शामिल कायस्थ पाठशाला के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुशील सिन्हा ने शनिवार को मीडिया से वार्ता करते हुए ट्रस्ट के मौजूदा अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों पर मनमानी और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की मूल भावना शिक्षा और समाज सेवा थी, लेकिन वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा सदस्यों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

डॉ. सुशील सिन्हा ने कहा कि मुंशी काली प्रसाद और अन्य दानदाताओं ने समाज और शिक्षा के विकास के उद्देश्य से ट्रस्ट का गठन किया था, लेकिन वर्तमान पदाधिकारियों द्वारा लगभग 2900 से अधिक नए सदस्यों, जिन्होंने 100 रुपये देकर सदस्यता ली थी, उन्हें मताधिकार से वंचित करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने इसे सदस्यों के अधिकारों का हनन बताया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कायस्थ पाठशाला के सदस्यों की संख्या लगभग 40 हजार है। यदि नए सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं दिया गया तो वह इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और सदस्यों का अधिकार दिलाकर रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा कार्यकारिणी को डर है कि यदि नए सदस्य मतदान करेंगे तो वे सत्ता में नहीं रह पाएंगे।

पूर्व अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रस्ट की जमीनों पर कब्जा करने और उन्हें बेचने की साजिश की जा रही है। उनके कार्यकाल के दौरान धर्मशाला और अस्पताल निर्माण का जो कार्य शुरू किया गया था, उसे भी अब रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किए जा रहे कार्यों से न केवल कायस्थ समाज बल्कि अन्य समाज के लोगों को भी लाभ मिलता।

डॉ. सुशील सिन्हा ने बताया कि 29 मार्च को शाम 4:30 बजे कायस्थ पाठशाला की आमसभा पी कम्युनिटी में बुलाई गई है। उन्होंने अधिक से अधिक पुराने सदस्यों से आमसभा में शामिल होकर ट्रस्ट विरोधी गतिविधियों का विरोध करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story