जातीय जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम नहीं, जनता को गुमराह कर रही भाजपा : मनोज यादव

WhatsApp Channel Join Now
जातीय जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम नहीं, जनता को गुमराह कर रही भाजपा : मनोज यादव


संविधान बचाओ और सामाजिक न्याय अभियान के तहत रविवार को कांग्रेस का सम्मेलन विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन, जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाएगी पार्टी

प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और जातीय जनगणना के मुद्दे को लेकर कांग्रेस रविवार को सरदार पटेल संस्थान परिसर में सम्मेलन आयोजित करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर होने वाले इस सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस पिछड़े वर्गों के अधिकारों और जातीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को उचित प्रतिनिधित्व देने का मुद्दा भी उठाएगी।

कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मनोज यादव ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, राष्ट्रीय प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा पूर्वांचल के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोना मिश्रा का स्वागत भी किया जाएगा।

मनोज यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जातीय जनगणना के मुद्दे पर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। उनका आरोप है कि जातीय जनगणना की प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया है। कांग्रेस की मांग है कि जातीय जनगणना के माध्यम से पिछड़े वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आए, ताकि उन्हें अधिकारों और अवसरों में उचित भागीदारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय कांग्रेस के प्रमुख मुद्दे हैं। पार्टी इन विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेगी। सम्मेलन में एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भी लोगों से अपील की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story