रोजगार मेले में शामिल होकर युवा बनाएं अपना भविष्य : गुरु प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
रोजगार मेले में शामिल होकर युवा बनाएं अपना भविष्य : गुरु प्रसाद मौर्य


रोजगार मेले में शामिल होकर युवा बनाएं अपना भविष्य : गुरु प्रसाद मौर्य


सोरांव में आयोजित मेले में 1206 युवाओं ने लिया भाग, 657 अभ्यर्थियों का निजी कंपनियों में चयन

प्रयागराज, 26 सितंबर (हि.स.)। सोरांव विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को आयोजित रोजगार मेले में मुख्य अतिथि विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने युवाओं से निजी क्षेत्र की कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपना भविष्य संवारने और देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए मिलने वाले अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विवेकानंद निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, भावापुर, शिवगढ़, सोरांव परिसर में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1206 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों ने युवाओं की योग्यता के अनुसार साक्षात्कार लेकर 657 अभ्यर्थियों का चयन किया।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने युवाओं से सेवायोजन कार्यालय की ओर से संचालित योजनाओं और निजी क्षेत्र की कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं और कंपनियों को एक मंच पर लाया जा रहा है।

संस्थान के प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने रोजगार मेले के आयोजन में सक्रिय सहयोग किया और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मंच प्रदान किया।

उप निदेशक सेवायोजन रविशेखर आनंद ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों, संस्थान के सहयोगियों और विधायक गुरु प्रसाद मौर्य के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story