घर से बाहर निकलें, उज्ज्वल भविष्य आपका इंतजार कर रहा है : अभय पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
घर से बाहर निकलें, उज्ज्वल भविष्य आपका इंतजार कर रहा है : अभय पांडेय


घर से बाहर निकलें, उज्ज्वल भविष्य आपका इंतजार कर रहा है : अभय पांडेय


हंडिया में रोजगार मेले में 640 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 277 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में हुआ चयन

प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए घर से बाहर निकलकर प्रयास करना चाहिए। उनका उज्ज्वल भविष्य इंतजार कर रहा है। यह बातें डीसीएफ प्रयागराज के चेयरमैन अभय कुमार पांडेय ने गुरुवार को श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में कहीं। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत और प्रयास से सफलता के रास्ते खुलते हैं।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से हंडिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस वृहद रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 640 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर प्रतिभाग किया, जिनमें से 277 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि फूलपुर के चेयरमैन अमरनाथ यादव ने कहा कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेले आयोजित करना जनहित का सराहनीय कार्य है। सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र मिश्र नगरहा ने श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय को रोजगार मेले के आयोजन के लिए चुनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इस पहल के लिए सेवायोजन विभाग की सराहना की।

अंत में मेला अधिकारी विश्वमोहन द्विवेदी ने सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में रमेश चतुर्वेदी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों, मेला प्रभारी मारूफ अहमद और सह प्रबंधक पवन नगरा का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story