तकनीकी और आधुनिक शिक्षा से रोजगार के अवसर बढ़ाएं युवा : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
तकनीकी और आधुनिक शिक्षा से रोजगार के अवसर बढ़ाएं युवा : महापौर


तकनीकी और आधुनिक शिक्षा से रोजगार के अवसर बढ़ाएं युवा : महापौर


नैनी में रोजगार महोत्सव आयोजित, 518 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 210 का हुआ चयन

प्रयागराज, 03 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी और आधुनिक शिक्षा हासिल करनी चाहिए। निजी कंपनियों में पद और योग्यता के अनुरूप अवसर पाने के लिए प्रगतिशील सोच के साथ शिक्षा का चयन करें, ताकि अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकें। यह बातें महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने मंगलवार को नैनी स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित रोजगार महोत्सव में कहीं।

उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया। इसमें कुल 518 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 210 का चयन किया गया।

महापौर ने कंपनियों से आग्रह किया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप उचित वेतन के साथ संतोषजनक रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने युवाओं को रोजगार के बदलते स्वरूप और आधुनिक शिक्षा की जरूरतों को ध्यान में रखकर अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बताया कि रोजगार महोत्सव की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेन्द्र और प्रधानाचार्य राम नारायण मिश्रा उपस्थित रहे। प्रभारी रोजगार मेला विश्व मोहन द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर मारूफ अहमद, कॉलेज के शिक्षक-कर्मचारी और सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story