ज्वाला देवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान मेले में जीते 25 स्वर्ण और सात रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now
ज्वाला देवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान मेले में जीते 25 स्वर्ण और सात रजत पदक


संकुल के 15 विद्यालयों के 450 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, प्रांतीय विज्ञान मेले में प्रतिभा दिखाएंगे विजेता

प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस के विद्यार्थियों ने संकुल स्तरीय विज्ञान मेले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 स्वर्ण और सात रजत पदक जीते। स्वर्गीय राजपति सिंह स्मारक सरस्वती शिशु मंदिर, पसना, कोरांव में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रश्नमंच, प्रयोग, पत्रवाचन और मॉडल निर्माण में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 16 अक्टूबर से प्रतापगढ़ में आयोजित होने वाले प्रांतीय विज्ञान मेले में प्रतिभाग करेंगे।

विज्ञान मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र जी की उपस्थिति में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, क्षेत्रीय विज्ञान प्रमुख बांके बिहारी पांडेय तथा केशव संकुल प्रमुख एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में केशव संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी 15 विद्यालयों के लगभग 450 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विज्ञान मेले में शिशु, बाल, किशोर और तरुण वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चार प्रमुख विधाओं प्रश्नमंच, प्रयोग, पत्रवाचन और मॉडल निर्माण की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में मिला शानदार परिणाम

ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रश्नमंच प्रतियोगिता में नौ स्वर्ण पदक हासिल किए। प्रयोग प्रतियोगिता में चार स्वर्ण और एक रजत पदक, पत्रवाचन में दो स्वर्ण और एक रजत पदक तथा मॉडल निर्माण में 10 स्वर्ण और पांच रजत पदक प्राप्त किए। इस प्रकार विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुल 25 स्वर्ण और सात रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगामी 16 अक्टूबर से प्रतापगढ़ में आयोजित होने वाले प्रांतीय विज्ञान मेले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और प्रांतीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से शिक्षकों और विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story