प्रयागराज में उल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में उल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन


प्रयागराज, 15 अगस्त (हि.स.)। आजादी का 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को प्रयागराज में पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, थाना-चौकियों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। जगह-जगह राष्ट्रगान, देशभक्ति के कार्यक्रम और तिरंगा यात्राओं का आयोजन हुआ।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। जिलाधिकारी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। शहीद नायकों के प्रति राष्ट्र हमेशा कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न धर्मों, जातियों, वर्गों, भाषाओं और वेशभूषाओं वाला देश है लेकिन विविधताओं के बावजूद देश की एकता और अखंडता इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समानता की भावना को मजबूत करते हुए समाज के कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखने और देशहित व जनहित में कार्य करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से संबंधित किसी भी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और उनका सम्मान किया जाए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अच्छे संस्कार देकर उन्हें जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनाने की अपील भी की।

वहीं, पुलिस विभाग में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने थाना कोतवाली में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मिष्ठान का वितरण भी किया गया।

पुलिस लाइन सहित जनपद के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण प्रस्तुत किए। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।

पूरे प्रयागराज में सुबह से ही देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लहराता नजर आया। लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story