माता की आरती के बाद डांडिया और गरबा की धूम, आईआईआईटी में सजी सांस्कृतिक संध्या

WhatsApp Channel Join Now
माता की आरती के बाद डांडिया और गरबा की धूम, आईआईआईटी में सजी सांस्कृतिक संध्या


माता की आरती के बाद डांडिया और गरबा की धूम, आईआईआईटी में सजी सांस्कृतिक संध्या


मैत्री क्लब के आयोजन में पारंपरिक वेशभूषा में थिरकीं महिलाएं और बच्चे, भक्ति और उल्लास के बीच हुआ रात्रिभोज

प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), इलाहाबाद के झलवा परिसर में मंगलवार को मैत्री क्लब की ओर से डांडिया और गरबा रास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माता रानी की आरती, पूजा-अर्चना और जयकारों के साथ शुरू हुए इस उत्सव में भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं और बच्चों ने डांडिया और गरबा की धुन पर नृत्य कर समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत माता जी की आरती और पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आरती के बाद उपस्थित लोगों के बीच भोग और प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद डांडिया और गरबा रास का सिलसिला शुरू हुआ। संगीत की धुन पर प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ नृत्य किया। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नन्हे-मुन्नों ने माता जी की प्रतिमा के सामने डांडिया की थाप पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।

पूरे आयोजन के दौरान उत्सव और आपसी मेलजोल का माहौल बना रहा। डांडिया और गरबा के बाद अतिथियों के लिए विशेष रात्रिभोज की व्यवस्था की गई। सभी ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मैत्री क्लब की प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति की प्रमुख सदस्य श्वेता मिश्रा, प्रभा वर्मा, सीमा पुजारी और पूजा श्रीवास्तव विशेष रूप से शामिल रहीं। समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम में पहुंचीं सभी सखियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन ने परिसर में सांस्कृतिक परंपराओं, सामूहिक सहभागिता और उत्सव के उल्लास को जीवंत कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story