पर्यावरण अनुकूल कंडियों का प्रयोग कर ‘हरित होली’ के संकल्प को करें साकार : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण अनुकूल कंडियों का प्रयोग कर ‘हरित होली’ के संकल्प को करें साकार : गणेश केसरवानी


प्रत्येक वार्ड में 1000 गौ-गोबर निर्मित कंडियों का वितरण करेगा नगर निगम प्रयागराज

प्रयागराज, 24 फ़रवरी (हि.स.)। होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण का भी संदेश देती है। उक्त बातें मंगलवार को पावन पर्व होली से पूर्व शहर में प्रयागराज नगर निगम द्वारा इस बार पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक संस्कृति के समन्व की अनूठी पहल दिखने वाले कार्यक्रम को लेकर महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे होलिका दहन में पर्यावरण अनुकूल कंडियों का प्रयोग कर ‘हरित होली’ के संकल्प को साकार करें।

नगर निगम की यह पहल न केवल स्वच्छता और हरित वातावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश देती है। इस बार प्रयागराज में होलिका दहन आस्था, पर्यावरण और जनभागीदारी के संगम का प्रतीक बनेगा।

नगर निगम प्रयागराज द्वारा होलिका दहन के लिए प्रत्येक वार्ड में 1000-1000 गाय के गोबर से निर्मित कंडियों का वितरण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य लकड़ी के अत्यधिक उपयोग को कम करना, वृक्षों की रक्षा करना तथा प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम प्रयागराज पशु कल्याण विभाग के अधिकारी डॉ. विजय अमृत राज भी उपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि गाय के गोबर से निर्मित कंडियां पूर्णतः प्राकृतिक होती हैं और इनके दहन से वातावरण में अपेक्षाकृत कम धुआं एवं हानिकारक तत्व निकलते हैं। इससे वायु गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है और धार्मिक परंपराओं का पालन भी सहज रूप से हो जाता है।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि सभी वार्डों में पार्षदों और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कंडियों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहर के प्रत्येक मोहल्ले में सामूहिक होलिका दहन पारंपरिक और पर्यावरण हितैषी तरीके से संपन्न हो सके। इस पहल से स्थानीय स्तर पर गौ-संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा तथा गोबर से उत्पाद बनाने वाले समूहों को आर्थिक सहयोग भी प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story