डाक टिकटों में दिखेगा इतिहास, संस्कृति और देश की विविधता
प्रयागफिलेक्स-2026 में युवा पीढ़ी को फिलैटेली से जोड़ने पर जोर : राजीव उमराव
प्रयागराज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। डाक टिकट देश के इतिहास, विरासत, संस्कृति, महान व्यक्तित्वों और उपलब्धियों के लघु प्रतिबिंब हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को देश की समृद्ध विरासत से जोड़ने के साथ ही इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति और विज्ञान की जानकारी भी रोचक ढंग से दी जा सकती है। इसी उद्देश्य से प्रयागराज में प्रयागफिलेक्स-2026 जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी बुधवार को मीडिया से पोस्टमास्टर जनरल, प्रयागराज क्षेत्र राजीव उमराव ने दी।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग, प्रयागराज मंडल की ओर से डाक टिकट संग्राहक संस्थाओं और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहयोग से यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी नौ से 11 अक्टूबर तक उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होगी। प्रदर्शनी का विषय ‘इंडिया थ्रू स्टैम्प्स-हेरिटेज, कल्चर एंड प्रोग्रेस’ यानी ‘डाक टिकटों के माध्यम से भारत- विरासत, संस्कृति और प्रगति’ रखा गया है।राजीव उमराव ने कहा कि डाक टिकट केवल डाक भेजने के लिए इस्तेमाल होने वाले कागज के टुकड़े नहीं हैं। इनमें किसी देश के इतिहास, संस्कृति, कला, उपलब्धियों और महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक मिलती है। प्रदर्शनी के माध्यम से विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं को डाक टिकट संग्रह की रोचक दुनिया से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दुर्लभ डाक टिकटों का होगा प्रदर्शनप्रयागफिलेक्स-2026 में दुर्लभ और रोचक डाक टिकटों के साथ विभिन्न प्रकार की डाक टिकट संग्रह सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। इससे लोगों को देश और दुनिया के अलग-अलग पहलुओं को डाक टिकटों के माध्यम से जानने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी और कार्यशालाप्रदर्शनी के दौरान 10 अक्टूबर को स्कूली विद्यार्थियों के लिए डाक टिकट प्रश्नोत्तरी और कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रयागराज के विभिन्न विद्यालयों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह की जानकारी दी जाएगी और इसे सीखने के उपयोगी माध्यम के रूप में समझाया जाएगा।डाक विभाग ने विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से प्रदर्शनी में पहुंचने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य युवाओं में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि बढ़ाना और इस ज्ञानवर्धक शौक को नई पीढ़ी से जोड़ना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

