हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा और समर्पण के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम : नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा और समर्पण के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम : नन्दी


हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा और समर्पण के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम : नन्दी


सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 से 23 सितंबर तक प्रयागराज में हुई विशेष स्क्रीनिंग, 50 हजार से अधिक लोगों ने देखी फिल्म

प्रयागराज, 24 सितंबर (हि.स.)। हनुमान अंश’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। बाबा नीब करौरी जी महाराज का जीवन सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराई गई। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रयागराज में 17 से 23 सितंबर तक ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित 50 हजार से अधिक लोगों ने फिल्म देखी।

मंत्री नन्दी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बाबा नीब करौरी जी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और समर्पण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही युवा पीढ़ी को सेवा, भक्ति और मानवता जैसे जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

फिल्म देखने के लिए लोगों में उत्साह नजर आया। कई शो में सभी सीटें भर जाने के बाद दर्शकों ने सीढ़ियों और जमीन पर बैठकर भी फिल्म देखी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने फिल्म के भावपूर्ण प्रसंगों को देखा। युवाओं और बच्चों में भी फिल्म को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

फिल्म के गीतों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कई अवसरों पर दर्शक गीतों के साथ गुनगुनाते और भक्ति भाव में डूबे नजर आए। सिनेमाघरों में फिल्म के दौरान आध्यात्मिक और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

मंत्री नन्दी ने कहा कि बाबा नीब करौरी जी महाराज का जीवन समाज को सेवा और समर्पण का संदेश देता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से ऐसे संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष स्क्रीनिंग में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से प्रयागराज में इस पहल के प्रति लोगों की रुचि भी सामने आई।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story