प्रयागराज जीआरपी ने बरामद किया 1.76 करोड़ रुपये के मोबाइल, रेल यात्रियों ने पुलिस की कार्रवाई को सराहा
जीआरपी ने यात्रियों के गुम हुए 586 मोबाइल बरामद किए, 215 वास्तविक स्वामियों को सौंपे
प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जीआरपी थाना एवं सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने अभियान के दौरान रेलवे यात्रियों के गुम हुए 586 गुम मोबाइल फोन गैर जनपदों एवं राज्यों से बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग एक करोड़ 75 लाख 80 हजार रुपये है। यह जानकारी सोमवार को क्षेत्राधिकारी जीआरपी प्रयागराज अरुण कुमार पाठक ने दी।
उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में प्रयागराज जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी प्रयागराज और अनुभागीय सर्विलांस टीम ने अलग-अलग तारीखों में कार्रवाई करते हुए 586 गुम मोबाइल फोन गैर जनपदाें एवं राज्याें से बरामद किए हैं। जिसमें से 215 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 75 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल पाकर खिले यात्रियों के चेहरे
जीआरपी अधिकारियों ने बरामद मोबाइल के वास्तविक स्वामियों को थाना जीआरपी प्रयागराज बुलाकर उनकी पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। यात्रियों ने जीआरपी की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
क्षेत्राधिकारी जीआरपी प्रयागराज अरुण कुमार पाठक ने बताया कि रेलवे स्टेशनों, उनके आसपास के क्षेत्रों और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर जीआरपी लगातार अभियान चला रही है। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि **यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा जीआरपी की प्राथमिकता है और गुम हुए मोबाइल को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार चौहान, मुख्य आरक्षी अरविंद मिश्रा, विशाल तिवारी, मो. इरफान खां, महेश कुमार, प्रदीप द्विवेदी तथा आरक्षी दीपक यादव और पारस यादव शामिल रहेजीआरपी के अनुसार अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए शेष मोबाइल फोन भी उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

