प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा, सभी तटबंध सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा, सभी तटबंध सुरक्षित


प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज संगम में गंगा और यमुना के जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को सुबह आठ बजे जारी जलस्तर के अनुसार सभी तटबंध सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 80.69 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटे में 37 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। नैनी में पिछले 24 घंटे के दौरान 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 81.11 मीटर रहा। यहां भी पिछले 24 घंटे में 38 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फाफामऊ में इस अवधि में बारिश नहीं हुई। छतनाग में गंगा का जलस्तर 80.34 मीटर दर्ज किया गया, जहां पिछले 24 घंटे में 37 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। यहां भी बारिश नहीं हुई। बक्सी बांध स्थित एसटीपी के पास जलस्तर 80.88 मीटर दर्ज किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार प्रयागराज में बाढ़ का निर्धारित खतरे का निशान 4.734 मीटर है। हालांकि वर्तमान में जलस्तर खतरे के स्तर से नीचे है। जिला प्रशासन ने बताया कि नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रखा गया है। तटबंधों की निगरानी की जा रही है। फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story