प्रयागराज में उफान पर है गंगा-यमुना, हर दिन बढ़ रहा जलस्तर

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में उफान पर है गंगा-यमुना, हर दिन बढ़ रहा जलस्तर


जिला प्रशासन लगातार नदियों के जलस्तर पर रख रहा नजर

प्रयागराज, 01 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश की कुंभ नगरी प्रयागराज त्रिवेणी संगम में गंगा और यमुना के जलस्तर में वृद्धि का क्रम जारी है। मंगलवार सुबह जिला प्रशासन ने बताया कि लगभग 20 सेंटीमीटर जल स्तर में बढ़ोतरी हुई है।

प्रयागराज जनपद में मंगलवार सुबह आठ बजे की बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, नैनी में यमुना का जलस्तर 82.39 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 19 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 82.88 मीटर पहुंच गया है। यहां भी 20 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं। प्रशासन की ओर से नदियों के जलस्तर और तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।

यहां छतनाग में गंगा का जलस्तर 81.97 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटे में 19 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह बक्शी बांध स्थित एसटीपी पर जलस्तर 82.49 मीटर रहा, जहां 23 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई।

नैनी में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 84.734 मीटर से करीब 2.34 मीटर नीचे है। इसी तरह फाफामऊ और छतनाग में भी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।

जिला प्रशासन के अनुसार, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है। बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी तटबंध सुरक्षित होने से फिलहाल किसी तरह की चिंता की स्थिति नहीं है। लोगों से नदी और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story