गंगा-यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी, सभी तटबंध सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
गंगा-यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी, सभी तटबंध सुरक्षित


प्रयागराज में बाढ़ की स्थिति पर जिला प्रशासन की नजर, नैनी में यमुना 82.390 मीटर पर पहुंची

प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज में सोमवार देर शाम गंगा और यमुना समेत सहायक नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। जिला प्रशासन की ओर से सोमवार शाम आठ बजे जारी दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार नैनी में यमुना का जलस्तर 82.390 मीटर दर्ज किया गया। बीते बारह घंटे में 1.58 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। प्रशासन के अनुसार जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 82.760 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 12 घंटे में यहां जलस्तर 1.17 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं छतनाग में गंगा का जलस्तर 82.000 मीटर रहा, जिसमें पिछले 12 घंटे में 2.67 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई।

टोंस नदी में भी बढ़ा पानी

प्रयागराज के कौड़हार घाट पर टोंस नदी का जलस्तर 83.890 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 12 घंटे में इसमें 1.90 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। जिला प्रशासन ने बताया कि टोंस नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.11 मीटर नीचे है। हालांकि, लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

नैनी में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 2.354 मीटर नीचे है। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 घंटे में बाढ़ नियंत्रण कक्ष में जलस्तर से संबंधित लगातार जानकारी दर्ज की गई है।

वहीं कानपुर बैराज से गंगा में 3,06,197 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है। यह पानी प्रयागराज पहुंचने पर गंगा के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना बन सकती है। प्रशासन इस पर भी नजर बनाए हुए है।

बेलन नदी का जलस्तर नारी में पिछले 12 घंटे में 4.40 सेंटीमीटर बढ़ा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जिले में नदियों के तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story