गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी : विंग कमांडर देबार्थो धर

WhatsApp Channel Join Now
गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी : विंग कमांडर देबार्थो धर


गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी : विंग कमांडर देबार्थो धर


सिरसा गांव में एनसीसी कैडेट्स ने प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटकों से किया जागरूक, युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित

प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। गंगा हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर है। इसे स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और व्यक्तिगत जिम्मेदारी से ही गंगा स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। यह संदेश 1 यूपी नेवल एनसीसी के कैडेट्स ने शनिवार को सिरसा गांव में प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटकों और जनसंवाद के माध्यम से दिया। अभियान के तहत ग्रामीणों को गंगा संरक्षण, जल बचाने, पर्यावरण की सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों और अन्य रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सिरसा गांव में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने गांव की विभिन्न गलियों में प्रभात फेरी निकाली। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से संवाद कर स्वच्छता तथा गंगा संरक्षण का संदेश दिया। गांव के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर गंदगी से होने वाले नुकसान, साफ-सफाई के महत्व और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई। कैडेट्स ने लोगों से घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की।

इस अवसर पर 1 यूपी नेवल एनसीसी के कमान अधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गंगा और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से नदी में कूड़ा-कचरा नहीं डालने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान कैडेट्स ने गांव के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों और अन्य रक्षा सेवाओं में करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति का महत्व समझाते हुए राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।

परवा गांव की ओर बढ़ा अभियान दल

सिरसा गांव में निर्धारित जागरूकता गतिविधियां पूरी करने के बाद अभियान दल परवा गांव की ओर रवाना हो गया। अभियान के अगले चरण में वहां भी ग्रामीणों और युवाओं को गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।

विंग कमांडर देबार्थो धर, जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, प्रयागराज ने कहा कि गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत प्रयास से इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। एनसीसी कैडेट्स प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटकों और जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही युवाओं को अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति के साथ राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story