पूर्व सैनिकों ने लिया जॉब फेयर में हिस्सा, 31 कंपनियों ने दिए 835 से अधिक रोजगार के अवसर

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सैनिकों ने लिया जॉब फेयर में हिस्सा, 31 कंपनियों ने दिए 835 से अधिक रोजगार के अवसर


पूर्व सैनिकों ने लिया जॉब फेयर में हिस्सा, 31 कंपनियों ने दिए 835 से अधिक रोजगार के अवसर


पूर्व सैनिकों ने लिया जॉब फेयर में हिस्सा, 31 कंपनियों ने दिए 835 से अधिक रोजगार के अवसर


रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने कहा, सैन्य अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से उद्योग जगत को मिलेगा लाभ

प्रयागराज, 27 नवंबर (हि.स.)। पूर्व सैनिकों को नागरिक जीवन में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत डायरेक्टरेट जनरल रीसेटलमेंट (डीजीआर) की ओर से शुक्रवार को प्रयागराज में जॉब फेयर आयोजित किया गया। इसमें 850 से अधिक पूर्व सैनिकों और 31 प्रमुख राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में 835 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

जॉब फेयर का उद्घाटन पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की सचिव आईएएस सुकृति लिखी और डीजी रीसेटलमेंट मेजर जनरल एसबीके सिंह (एसएम) ने संयुक्त रूप से किया। यूनाइटेड ग्रुप के उपाध्यक्ष सतपाल गुलाटी विशिष्ट कॉर्पोरेट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मेले में एसआईएससीओ, एसआईएस, यूनाइटेड ग्रुप, बीबीएस ग्रुप, वरुण बेवरेजेज, एसएसईएल और त्रिवेणी इलेक्ट्रोप्लास्ट समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि जॉब फेयर का उद्देश्य सशस्त्र बलों में सेवा दे चुके कर्मियों के अनुभव, तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन को उद्योग जगत की जरूरतों से जोड़ना है। पूर्व सैनिकों के पास कार्य के प्रति समर्पण, निर्णय लेने की क्षमता, प्रबंधन कौशल और कठिन परिस्थितियों में काम करने का व्यापक अनुभव होता है। ये गुण उन्हें कॉर्पोरेट और औद्योगिक क्षेत्र में भी प्रभावी भूमिका निभाने में सक्षम बनाते हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार की संभावनाओं, उद्योग जगत की अपेक्षाओं और नागरिक क्षेत्र में काम करने के लिए जरूरी कौशलों पर चर्चा की। जॉब फेयर ने पूर्व सैनिकों को अपनी तकनीकी, प्रबंधकीय, प्रशासनिक और नेतृत्व संबंधी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर दिया। वहीं कंपनियों को अनुभवी, कुशल और अनुशासित मानव संसाधन से जुड़ने का मंच मिला।

विंग कमांडर देबार्थो धर ने कहा कि डीजीआर सेवानिवृत्त हो रहे और सेवानिवृत्त हो चुके सैन्यकर्मियों के पुनर्वास के लिए रोजगार सहायता, कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्योग जगत के साथ समन्वय जैसे प्रयास कर रहा है। पूर्व सैनिकों को सम्मानजनक दूसरा करियर उपलब्ध कराना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कॉर्पोरेट संगठनों और औद्योगिक संस्थाओं से पूर्व सैनिकों की भर्ती के लिए आगे आने की अपील की। इससे पूर्व सैनिकों को नए अवसर मिलेंगे और उद्योग जगत को उनके अनुभव, ईमानदारी, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story