आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहें ग्रामीण, पूर्व चेतावनी को गंभीरता से लें : योगेन्द्र डिमरी

WhatsApp Channel Join Now
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहें ग्रामीण, पूर्व चेतावनी को गंभीरता से लें : योगेन्द्र डिमरी


प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। आकाशीय बिजली एवं गरज-चमक के दौरान ग्रामीण खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों के पास जाने से बचें तथा मौसम विभाग और दामिनी (Damini) ऐप से मिलने वाली पूर्व चेतावनियों का पालन करें। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेन्द्र डिमरी ने तहसील बारा के ग्राम सोनबरसा के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को आपदा से बचाव के लिए जागरूक करते हुए कहीं।

लेफ्टिनेंट जनरल योगेन्द्र डिमरी ने ग्राम सोनबरसा पहुंचकर आकाशीय बिजली एवं गरज-चमक से होने वाले प्रभावों का स्थलीय आकलन किया। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों का निरीक्षण करने के साथ ही ग्रामीणों, ग्राम प्रधान, राजस्व विभाग, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ताओं तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से संवाद कर आकाशीय बिजली की घटनाओं, जन-धन की क्षति, संवेदनशील स्थानों और पूर्व में अपनाए गए सुरक्षा उपायों की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की। प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां की परिस्थितियों को समझा गया और आकाशीय बिजली से होने वाली घटनाओं के प्रभाव को कम करने के उपायों पर जानकारी जुटाई गई।

ग्रामीणों को जागरूक करते हुए डिमरी ने सुरक्षित व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और गरज-चमक के समय खुले मैदान में रहने से बचें और तत्काल किसी सुरक्षित भवन में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों तथा जलाशयों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।

उन्होंने ग्रामीणों से मौसम संबंधी चेतावनियों को नजरअंदाज न करने की अपील की। मौसम विभाग और दामिनी ऐप के माध्यम से मिलने वाली पूर्व चेतावनियां आकाशीय बिजली से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। समय रहते चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

क्षेत्रीय भ्रमण के माध्यम से आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थानीय स्तर पर आकाशीय बिजली के जोखिम और उससे बचाव की तैयारियों को समझने के साथ-साथ ग्रामीण समुदाय को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story