कांग्रेस की गलत नीतियों से देश विकास में पीछे रहा : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की गलत नीतियों से देश विकास में पीछे रहा : केशव प्रसाद मौर्य


कांग्रेस की गलत नीतियों से देश विकास में पीछे रहा : केशव प्रसाद मौर्य


कांग्रेस की गलत नीतियों से देश विकास में पीछे रहा : केशव प्रसाद मौर्य


-सपा नहीं चाहती कि उत्तर प्रदेश समृद्ध और प्रदेशवासी आर्थिक रूप से सशक्त बनें: केशव

प्रयागराज, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण आजादी के बाद भारत अपनी क्षमता के अनुरूप विकास नहीं कर सका। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत के पास विकास के पर्याप्त संसाधन और अवसर थे लेकिन तत्कालीन सरकारों की नीतियों के कारण देश अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाया। भारत, चीन और जापान की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में भी तेजी से आगे बढ़ने की पूरी क्षमता थी लेकिन लंबे समय तक ऐसी नीतियां अपनाई गईं, जिनमें राष्ट्रहित और विकास की अपेक्षा सत्ता को अधिक महत्व दिया गया।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी विकास विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। केशव ने कहा कि सपा की राजनीति आधुनिकता और विकास के बजाय विरोध तक सीमित रही है। जिस समय देश में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की आवश्यकता थी, उस समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इसका विरोध किया। आज वही दल डिजिटल भारत और तकनीकी विकास की उपलब्धियों पर सवाल उठाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा उत्तर प्रदेश को समृद्ध और प्रदेशवासियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की इच्छाशक्ति नहीं रखती।

गौवंश संरक्षण पर सरकार गंभीर

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गौमाता और गौवंश की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौवंश के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार नहीं की जाएगी। गौवंश से प्राप्त दूध, गोबर और गोमूत्र की उपयोगिता को समझते हुए इनके माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है। सरकार किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए गौवंश संरक्षण से जुड़े प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश भी इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार, डिजिटल सेवाओं, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है। प्रत्येक परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है।

महिलाओं के अधिकार और सम्मान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जो नारी शक्ति से टकराएगा, वह राजनीति के क्षेत्र में मिट्टी में मिल जाएगा।” उन्होंने महिलाओं की शक्ति, सम्मान और अधिकारों की रक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story