भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में 06 नवंबर को जगमगाएंगे सवा-सवा लाख दीप : केशव मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में 06 नवंबर को जगमगाएंगे सवा-सवा लाख दीप : केशव मौर्य


भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में 06 नवंबर को जगमगाएंगे सवा-सवा लाख दीप : केशव मौर्य


दीपोत्सव को भव्य और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश, प्रयागराज के सभी घाटों पर भी होगा दीप प्रज्ज्वलन

प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में छह नवंबर को भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। दोनों स्थलों पर सवा-सवा लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रयागराज के सभी घाटों पर भी दीपोत्सव का आयोजन होगा। दीपोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से समय पर तैयारियां पूरी करें। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आयोजन की व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। यह निर्देश सोमवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में पारंपरिक तरीके से दीपोत्सव आयोजित किया जाए। दोनों स्थानों पर आयोजन की व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अलग-अलग समितियां गठित की जाएं, ताकि सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान घाटों और आयोजन स्थलों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्रृंगवेरपुर धाम में नियमित प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के आने-जाने और दीपोत्सव में शामिल होने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को दोनों स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करने तथा शिक्षा विभाग को आयोजन स्थलों पर रंगोली बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवकों को भी जिम्मेदारी देने को कहा। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को तैयारियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि छह नवंबर को भारद्वाज आश्रम पार्क में 1.25 लाख से अधिक और श्रृंगवेरपुर धाम में भी 1.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शहर के सभी घाटों पर दीपोत्सव आयोजित करने की तैयारी की जाएगी।

बैठक में फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, मंडलायुक्त लोकेश एम., जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story