दीपावली पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम,, डीसीपी नगर ने बाजारों में किया पैदल गश्त

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम,, डीसीपी नगर ने बाजारों में किया पैदल गश्त


दीपावली पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम,, डीसीपी नगर ने बाजारों में किया पैदल गश्त


प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का लिया जायजा, पटाखा बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों की जांच की

प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)।

छोटी दीपावली और नरक चतुर्दशी के त्योहार को देखते हुए शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने नगर जोन के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त ने थाना कर्नलगंज क्षेत्र के कटरा बाजार, नेतराम चौराहा, लक्ष्मी टॉकीज चौराहा और मनमोहन पार्क चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पैदल भ्रमण किया। उन्होंने बाजारों में लोगों की आवाजाही, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही दीपावली के मद्देनजर विभिन्न थाना क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों पर लगाए गए आतिशबाजी और पटाखों के लाइसेंसशुदा अस्थायी बिक्री केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की जांच की गई। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे दुकानों के बीच नियमानुसार निर्धारित दूरी बनाए रखें और पानी, बालू सहित आग बुझाने के आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने कहा कि दीपावली के त्योहार पर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सतर्क निगरानी रखी जा रही है। पटाखा बिक्री केंद्रों पर अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और आम नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की।

पुलिस की इस सक्रियता से त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story