अब कागजी रजिस्टर से नहीं, डिजिटल प्रणाली से होगा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और वेतन का प्रबंधन : पीयूष मोर्डिया

WhatsApp Channel Join Now
अब कागजी रजिस्टर से नहीं, डिजिटल प्रणाली से होगा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और वेतन का प्रबंधन : पीयूष मोर्डिया


पुलिस कमिश्नरेट में ‘प्रमाण’ प्रणाली का पायलट संचालन शुरू, उपस्थिति, अवकाश और शस्त्रों का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन

प्रयागराज, 29 नवंबर (हि.स.)। पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, वेतन, अवकाश और ड्यूटी का रिकॉर्ड अब कागजी रजिस्टर के बजाय डिजिटल प्रणाली से तैयार होगा। इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और मानवीय गलतियों की गुंजाइश कम होगी। पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज की रिजर्व पुलिस लाइन्स में डिजिटल प्रणाली ‘प्रमाण’ (PRAMAN) का पायलट संचालन शुरू किया गया है। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया के निर्देशन एवं नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।

पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने रविवार को डिजिटल साइड शुरू करने के बाद कहा कि अभी तक पुलिस लाइन्स का अधिकांश काम हाथ से लिखे रजिस्टरों के माध्यम से होता था। नई डिजिटल व्यवस्था से गणना कार्यालय, जीडी कार्यालय और शस्त्रागार के कामकाज को एक-दूसरे से जोड़ा गया है। इससे कर्मचारियों की उपस्थिति, वेतन और अवकाश का विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज होगा। सभी जानकारियां व्यवस्थित और सुरक्षित रहेंगी।

ड्यूटी और उपस्थिति का रिकॉर्ड होगा डिजिटल

‘प्रमाण’ प्रणाली के तहत गणना कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति, वेतन मिलान और अवकाश का विवरण दर्ज किया जाएगा। इससे कर्मचारियों की उपस्थिति और वेतन संबंधी जानकारी निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से तैयार होगी। जीडी (रोजनामचा आम) कार्यालय में पुलिसकर्मियों की दैनिक ड्यूटी और उसके समय का विवरण दर्ज होगा। पहले इसके लिए रजिस्टर में हाथ से प्रविष्टियां करनी पड़ती थीं, लेकिन अब जीडी नंबर, तारीख और समय अपने आप दर्ज होंगे। जरूरत पड़ने पर इनका तत्काल प्रिंट भी निकाला जा सकेगा।

शस्त्रागार का रिकॉर्ड भी रहेगा ऑनलाइन

नई व्यवस्था में शस्त्रागार को भी डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है। यहां हथियारों और कारतूसों के सुरक्षित रखरखाव, वितरण और जमा करने का पूरा विवरण दर्ज होगा। इससे पता चल सकेगा कि कौन-सा हथियार या कारतूस कब और किस कर्मचारी को दिया गया है। इस व्यवस्था से शस्त्रों के रखरखाव और निगरानी में भी सुविधा होगी।

सभी कार्यालयों के बीच बेहतर तालमेल

इस प्रणाली में पुलिस लाइन्स के सभी संबंधित कार्यालयों को शामिल किया गया है। गणना कार्यालय में उपस्थिति, शस्त्रागार में हथियारों का विवरण और जीडी कार्यालय में ड्यूटी का रिकॉर्ड दर्ज होगा। पहले इन कार्यालयों से सूचनाएं अलग-अलग रजिस्टरों के माध्यम से मिलती थीं, लेकिन अब डिजिटल प्रविष्टियों के आधार पर जीडी कार्यालय उनका मिलान कर सकेगा। सभी रिकॉर्ड विभाग के सुरक्षित सर्वर और आंतरिक नेटवर्क पर सुरक्षित रहेंगे।

आगे एआई से तैयार होगी ड्यूटी योजना

पुलिस आयुक्त के अनुसार, इस पहल से कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। वरिष्ठ अधिकारियों को भी आवश्यक सूचनाएं समय पर मिल सकेंगी। पायलट परियोजना सफल होने के बाद इसे पुलिस कमिश्नरेट की अन्य इकाइयों में भी लागू किया जाएगा। आगे चलकर फिंगरप्रिंट से पहचान, ड्यूटी स्थल की डिजिटल निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक उपस्थिति और ड्यूटी प्वाइंट की जानकारी को प्रणाली से जोड़ने की योजना है। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से ड्यूटी की योजना बनाने और ऑनलाइन पुलिसिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785535 Articles

Share this story