लोकतंत्र जनादेश के सम्मान से सशक्त होता है, अराजकता से नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र जनादेश के सम्मान से सशक्त होता है, अराजकता से नहीं : केशव प्रसाद मौर्य


लोकतंत्र जनादेश के सम्मान से सशक्त होता है, अराजकता से नहीं : केशव प्रसाद मौर्य


लोकतंत्र जनादेश के सम्मान से सशक्त होता है, अराजकता से नहीं : केशव प्रसाद मौर्य


बोले डिप्टी सीएम- वोट चोरी का आरोप लगाने वाले अपने राजनीतिक आचरण पर नजर डालें भाजपा की पदयात्रा में उमड़े हजारों कार्यकर्ता

प्रयागराज, 04 नवंबर (हि.स.)। लोकतंत्र जनता के जनादेश के सम्मान से मजबूत होता है, अराजकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से नहीं। विपक्षी दलों को चुनाव में हार के बाद वोट चोरी का आरोप लगाने के बजाय अपने राजनीतिक आचरण पर नजर डालनी चाहिए। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को भाजपा की ओर से निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कहीं।

उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष तख्तापलट की बात करता है, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी। जनता ही उनका तख्तापलट कर देगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन को जनादेश पर सवाल उठाने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने के बजाय लोकतंत्र की मर्यादा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की इस ऐतिहासिक पदयात्रा को राहुल गांधी वियतनाम से, सोनिया गांधी दिल्ली से और अखिलेश यादव सैफई से देख रहे होंगे। उन्होंने कांग्रेस पर वोट चोरी और समाजवादी पार्टी पर बूथ कब्जे की राजनीति करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने 13 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि सर्वे के दौरान अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं, मृत घोषित लोगों और एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने वाले दोहरे मतदाताओं के कारण नाम हटाए गए हैं। उनके अनुसार, इस प्रक्रिया में अनुपस्थित मतदाताओं का हिस्सा 23 प्रतिशत, मृत घोषित लोगों का 21 प्रतिशत से अधिक और दोहरे मतदाताओं का 7.6 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करना लोकतंत्र और संविधान के हित में है।

उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और चुनाव आयोग तथा सर्वोच्च न्यायालय ने दुनिया में अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है। विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन दिया है और उनके नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। घुसपैठियों को देश की व्यवस्था और मतदाता सूची का हिस्सा बनने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की अपील की। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब उसकी साइकिल पंचर करने का समय आ गया है।

हार के बाद व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं : नंदी

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि जब कुछ विद्यार्थी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते तो अपनी कमी स्वीकार करने के बजाय शिक्षक को गलत ठहराने लगते हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी चुनाव में हार के बाद ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। उन्हें व्यवस्था को दोष देने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी को आपातकाल का दौर याद करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी दादी इंदिरा गांधी के कार्यकाल को याद करना चाहिए, जब आपातकाल के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया गया था। लोकतंत्र और संविधान की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने ही मतपत्र से लेकर ईवीएम तक की चुनाव व्यवस्था अपनाई थी, लेकिन अब चुनाव हारने पर उसी व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

भाजपा की ओर से निकाली गई पदयात्रा में प्रयागराज महानगर, गंगापार, यमुनापार के साथ काशी, भदोही, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और सुल्तानपुर सहित काशी क्षेत्र के विभिन्न जनपदों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा धरना स्थल से शहीद वॉल तक निकाली गई। एक रथ पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, अनिल राजभर, राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और सुरेंद्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी सवार थे। आगे चल रहे डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों की धुन पर कार्यकर्ता उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।

कार्यक्रम का संचालन काशी क्षेत्र महामंत्री विद्याधर तिवारी ने किया। इस मौके पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक पूजा पाल, सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री कविता पटेल, महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी, गंगापार प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, यमुनापार प्रभारी अनिल सिंह, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story