प्रयागराज के विकास में मील का पत्थर साबित होगा सिक्सलेन पुल : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के विकास में मील का पत्थर साबित होगा सिक्सलेन पुल : केशव प्रसाद मौर्य


प्रयागराज के विकास में मील का पत्थर साबित होगा सिक्सलेन पुल : केशव प्रसाद मौर्य


उप मुख्यमंत्री ने मलाक हरहर से बेली चौराहे तक निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण 25 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य, इनर रिंग रोड की भी समीक्षा की

प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। मलाक हरहर से बेली चौराहे तक गंगा नदी पर बन रहा सिक्सलेन पुल प्रयागराज के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इसके शुरू होने से शहर को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। साथ ही माघ मेले और महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन भी आसान होगा। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करने के बाद कहीं।

उन्होंने करीब 10 किलोमीटर लंबे पुल के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पुल को जनता के लिए शुरू करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी कार्य और अंतिम चरण की तैयारियों में अधिक समय लगता है तो जनवरी 2027 तक इसे आम जनता के लिए चालू करने का लक्ष्य रखा जाए।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सिक्सलेन पुल के तैयार होने से प्रयागराज शहर और गंगापार के बीच आवागमन सुगम होगा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे प्रयागराज को विकास की नई गति मिलेगी और शहर की पहचान और मजबूत होगी।

इनर रिंग रोड का काम भी जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में निर्माणाधीन इनर रिंग रोड की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिक्सलेन पुल और इनर रिंग रोड दोनों परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

गौरतलब है कि फाफामऊ क्षेत्र में गंगा नदी पर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन पुल बनाया जा रहा है। करीब 1947 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से शहर के स्टेनली रोड को गंगापार के मलाक हरहर क्षेत्र से जोड़ा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव और अनुज कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story