मेमू ट्रेन से छात्रों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा, बचेगा समय और धन : केशव मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
मेमू ट्रेन से छात्रों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा, बचेगा समय और धन : केशव मौर्य


मेमू ट्रेन से छात्रों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा, बचेगा समय और धन : केशव मौर्य


रामबाग से वाराणसी के लिए मेमू ट्रेन का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी प्रयागराज की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए रेल मंत्री को भेजे 13 सुझाव

प्रयागराज, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक रेल कनेक्टिविटी देश के कोने-कोने को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को मजबूती दे रही है। प्रयागराज रामबाग से वाराणसी के बीच शुरू हुई मेमू ट्रेन सेवा से छात्रों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों का समय और धन दोनों बचेंगे। यह बातें शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रामबाग रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और बेहतर रेल संपर्क के उद्देश्य से प्रयागराज रामबाग से वाराणसी के बीच मेमू ट्रेन का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रामबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उप मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने एक भारत की नींव मजबूत की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक कनेक्टिविटी के माध्यम से उनके एकता के संकल्प को नई शक्ति दे रहे हैं। प्रयागराज केवल तीन पवित्र नदियों का संगम नहीं, बल्कि आस्था, शिक्षा, न्याय और संस्कृति का भी महासंगम है। डबल इंजन सरकार यहां की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक विकास से जोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि काशी से संगम और संगम से राजधानी तक रेल संपर्क को नई गति मिल रही है। बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूंसी जैसे स्टेशनों को जोड़ने वाली इस ट्रेन से दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। सुबह बनारस से प्रयागराज आकर शाम को वापस घर लौटना अब अधिक सुविधाजनक होगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को लगभग 7,746 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बनाया जा रहा है। अब रेलवे स्टेशन केवल यात्रा के पड़ाव नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं, व्यापार और रोजगार के नए केंद्र बन रहे हैं। प्रदेश में 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। नई रेल लाइनें, आधुनिक स्टेशन और नई ट्रेन सेवाएं प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं।

प्रयागराज की रेल सुविधाओं के लिए रेल मंत्री को भेजे 13 सुझाव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में रेल यातायात को अधिक सुगम बनाने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर 13 महत्वपूर्ण सुझाव और अनुरोध भेजे हैं। इनमें प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने, प्रयागराज-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में तीन दिन करने, प्रयागराज से पुणे-मिरज होते हुए गोवा के लिए सीधी ट्रेन शुरू करने और प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मांग शामिल है।

उन्होंने प्रयागराज जंक्शन पर सियालदह और अगरतला राजधानी एक्सप्रेस सहित वर्तमान में ठहराव से वंचित 24 ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है। पटना-वास्कोडिगामा एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने और उसमें कोटा बढ़ाने, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का अलीगढ़ में ठहराव देने तथा विभूति एक्सप्रेस का संचालन रामबाग के स्थान पर सूबेदारगंज से करने के साथ इसे 24 कोच की करने का सुझाव दिया है।

इसके अलावा दयालपुर स्टेशन पर सरयू एक्सप्रेस का ठहराव देने और वाराणसी से रांची तथा देवघर जाने वाली दोनों वंदे भारत ट्रेनों का प्रयागराज रामबाग तक विस्तार करने की मांग की गई है।

दीर्घकालिक परिवहन जरूरतों को देखते हुए नैनी-प्रयागराज रेल पुल को दो स्तरीय बनाकर उसके साथ सड़क मार्ग जोड़ने, प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों को उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत लाने और झूंसी, करछना तथा बमरौली स्टेशनों के नाम के आगे प्रयागराज जोड़ने का प्रस्ताव भी दिया गया है। साथ ही सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर प्रयागराज कैंट करने का अनुरोध किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है। रेल सुविधाओं का विस्तार होने से यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। सरदार पटेल का एकता का संकल्प, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का विजन और डबल इंजन सरकार के विकास कार्य आधुनिक उत्तर प्रदेश की प्रगति का आधार हैं।

कार्यक्रम में शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, पूर्वोत्तर रेलवे के एडीआरएम अजय सिंह सहित रेलवे के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story