जनता का जनादेश सहन नहीं कर पा रहा विपक्ष : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
जनता का जनादेश सहन नहीं कर पा रहा विपक्ष : केशव प्रसाद मौर्य


अधिवक्ता समागम में उप मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को जिताने की अपील की, बोले—मतदान में कोई ढिलाई न बरतें

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। विपक्ष के लोग जनता का जनादेश सहन नहीं कर पा रहे हैं। चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल एमएलसी चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का भी संकेत होगा। इसे 2027 का सेमीफाइनल मानकर पूरी मजबूती से लड़ना है। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अधिवक्ता समागम में कहीं।

उन्होंने अधिवक्ताओं से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को जिताने की अपील करते हुए कहा कि पिछले चुनाव से सबक लेकर इस बार मतदान को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतनी है। प्रयागराज में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लगभग एक लाख मतदाता हैं। यदि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जुट जाएं तो जीत सुनिश्चित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज ने हमेशा देश और समाज को दिशा देने का काम किया है। इसलिए सभी अधिवक्ता जागरूक होकर मतदान करें और अशोक राठौर को विजयी बनाने का संकल्प लें।

केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के आंदोलन को असफल बताते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर विपक्ष ईवीएम को सही मानता है और हारने पर उस पर सवाल उठाता है। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े फार्म-6, 7 और 8 का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के लिए चुनाव आयोग ने निर्धारित व्यवस्था उपलब्ध कराई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की कथित गुंडागर्दी को दोबारा स्वीकार नहीं करना चाहती। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को रोकना विपक्ष के लिए आसान नहीं होगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने का आह्वान किया।

संगठन का निर्णय सर्वोपरि : राधाकांत ओझा

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा ने कहा कि संगठन का निर्णय सर्वोपरि होता है। जो कार्यकर्ता संगठन के फैसले को महत्व देता है, संगठन भी उसकी चिंता करता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लेने की अपील की।

राधाकांत ओझा ने कहा कि विपक्ष देश को अस्थिर करने के प्रयास में लगा है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित में मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर भारत की मजबूत स्थिति देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। अधिवक्ता समाज को भी स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा की जीत के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर अनैतिक गतिविधियों को अधिवक्ता समाज स्वीकार नहीं करेगा।

कार्यक्रम से पहले अधिवक्ताओं ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इलाहाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दावेदारी कर चुके कुश श्रीवास्तव, शैलेश पटेल और विजय द्विवेदी ने भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को समर्थन देने की घोषणा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी सॉलिसिटर जनरल एवं पूर्व प्रदेश संयोजक विधि प्रकोष्ठ ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने की। संचालन इलाहाबाद हाईकोर्ट के उपाध्यक्ष एवं भाजपा विधि प्रकोष्ठ के काशी क्षेत्र सह संयोजक आशुतोष पांडेय ने किया।

इस अवसर पर एमएलसी अनूप गुप्ता, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक रणजीत सिंह, अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, नीरज त्रिपाठी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, सुरेंद्र चौधरी, राजेंद्र मिश्र, शैलेश पांडेय, जयवर्धन त्रिपाठी, अरविंद सिंह, देवेंद्र नाथ मिश्रा, शक्ति सिंह, अमरेंद्र नाथ मिश्र, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी और विजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story