बूथ स्तर पर पूरी ताकत से जुट जाएं कार्यकर्ता, विपक्ष के मंसूबों को न होने दें कामयाब : केशव मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
बूथ स्तर पर पूरी ताकत से जुट जाएं कार्यकर्ता, विपक्ष के मंसूबों को न होने दें कामयाब : केशव मौर्य


मेरा बूथ सबसे मजबूत’ ही जीत की गारंटी, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में न बरतें ढिलाई

प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर पूरी मेहनत और लगन के साथ जुट जाएं। ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ ही विजय की गारंटी बनेगा। कार्यकर्ता विपक्ष के मंसूबों को कामयाब न होने दें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। यह बातें सोमवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में भाजपा प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के मंडल अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष के पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई विषय नहीं है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडलों की गतिविधियों की नियमित जानकारी लेने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ समितियों की बैठकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनाव में सफलता का आधार बनेगी।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इसी दिन से संगठन की ओर से सेवा पखवाड़े का अभियान शुरू किया जाएगा। इसके कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी जिलाध्यक्षों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना रुके और बिना थके देश के 140 करोड़ भारतीयों के लिए काम किया है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्बेकिस्तान ने उन्हें अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया है। प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया है। उन्होंने इसे देशवासियों के लिए गर्व की बात बताया।

कौशाम्बी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट पर जताया दुख, एसआरएन पहुंचे

प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर कौशांबी के मोहम्मदपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर उप मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस घटना में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद उन्होंने स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचकर विस्फोट में घायल लोगों की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए।

बैठक में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, डॉ. केपी श्रीवास्तव, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, रणजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, सुजीत कुशवाहा, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, नरसिंह, राजेश गोंड, नवाब खान, मो. शरीफ और आनंद दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story