उप्र : 2027 में प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। वर्ष 2027 में भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी, जबकि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। यह बातें शुक्रवार को मीडिया से प्रयागराज पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का राजनीतिक सूर्य अस्त हो चुका है। 2027 के चुनाव परिणाम आने के बाद उनकी पार्टी के विधायक एक ही वाहन में जाते हुए नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य है।
उन्होंने पीडीए को लेकर भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए के साथ न पिछड़ा है और न ही दलित है। अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस समय दुविधा में हैं क्योंकि “ना माया मिली, ना राम”।
अन्य राज्यों के चुनावों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि असम में भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। वहीं पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार टीएमसी जा रही है और 04 मई को चुनाव परिणाम आने पर यह साफ हो जाएगी क्याेंकि बंगाल में भाजपा सरकार बना रही है। उन्होंने कहा कि पूरा भारत मोदीमय और भाजपामय है तथा महिलाएं, बेटियां और नौजवान सभी भाजपा के साथ हैं।
वहीं संभल के एसपी केके बिश्नोई की शादी में सपा विधायकों के शामिल होने पर अखिलेश यादव की नाराजगी के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत घटिया बात है। विवाह समारोह में यदि किसी को निमंत्रण मिलता है तो लोग दल और जाति से ऊपर उठकर शुभकामनाएं देने जाते हैं। उन्होंने एसपी संभल केके बिश्नोई और एसपी बरेली अंशिका वर्मा को शादी की शुभकामनाएं भी दीं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव इस समय सत्ता पाने के लिए बेचैन हैं और पत्रकारों की तरह सवाल उठा रहे हैं तथा ट्विटर पर खबरें पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास इस समय धरातल पर कुछ नहीं है, जबकि भाजपा के पास समर्पित और देश सेवा की भावना से काम करने वाले कार्यकर्ता हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

