प्रयागराज में सिपाही का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में सिपाही का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर स्थित इक्कीस नंबर गली में शुक्रवार को एक सिपाही का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मृतक की पहचान कृपाल सिंह (29) पुत्र कैलाश चंद्र निवासी निकाऊ गांव, थाना खैरागढ़, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात था और राजापुर क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था।

शुक्रवार को उसका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

बताया जा रहा है कि मृतक का भाई ओमबीर जार्जटाउन थाना में सिपाही के पद पर तैनात है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story