जीरो टॉलरेंस टू क्राइम' की नीति पर होगा काम, अपराधियों के मददगार भी नहीं बचेंगे : पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया

WhatsApp Channel Join Now
जीरो टॉलरेंस टू क्राइम' की नीति पर होगा काम, अपराधियों के मददगार भी नहीं बचेंगे : पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया


प्रयागराज, 30 जुलाई (हि.स.)। पुलिस 'जीरो टॉलरेंस टू क्राइम' की नीति पर पूरी मजबूती से काम करेगी और अपराधियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण या मदद देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें गुरुवार को मीडिया से पहली बार वार्ता करते हुए प्रयागराज के नवागत पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहीं।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध, माफिया गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर विश्वास को और मजबूत किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि पुलिस पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी, ताकि प्रयागराज में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story