स्वच्छता को आदत बनाकर सार्वजनिक स्थलों को रखें साफ : नीरज मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता को आदत बनाकर सार्वजनिक स्थलों को रखें साफ : नीरज मिश्रा


सेवा संकल्प अभियान के तहत दशाश्वमेध घाट पर सिविल डिफेंस ने चलाया स्वच्छता अभियान

प्रयागराज, 20 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ स्वयं भी इसकी शुरुआत करनी होगी। यह बातें नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक नीरज मिश्रा ने रविवार को दशाश्वमेध घाट, दारागंज में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान कहीं।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर सिविल डिफेंस की ओर से दशाश्वमेध घाट पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप नियंत्रक नीरज मिश्रा, चीफ वार्डन अनिल कुमार और वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक एवं एडीसी राकेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने घाट परिसर में साफ-सफाई की।

इस दौरान नीरज मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाने का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

अभियान के दौरान नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने घाट परिसर में फैले कचरे को एकत्र किया और लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर चीफ वार्डन अनिल कुमार, वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक राकेश कुमार तिवारी, स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन एलके अहेरवार, श्रीकृष्ण तिवारी, राजेंद्र कुमार तिवारी ‘दुकानजी’, आशीष बाजपेयी, पूर्व उप महापौर अनामिका चौधरी (नमामि गंगे), सेवानिवृत्त मेजर सुनील कुमार निषाद, राजेश पाठक, काशीनाथ सोनकर, प्रभात मौर्य, नगर निगम के रंजन सहित बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story