कानून के राज में बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं : नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
कानून के राज में बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं : नन्दी


कानून के राज में बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं : नन्दी


मंत्री नन्दी ने पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों से बंधवाई राखी, मुट्ठीगंज पार्टी कार्यालय में डेढ़ हजार से अधिक बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र

प्रयागराज, 28 अगस्त (हि.स.)। डबल इंजन सरकार में कानून का राज है। गुंडों और माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। बहन-बेटियां आज घर से बाहर निकलने पर खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के अपने घरों से बाहर निकल सकें। उक्त बातें शुक्रवार को प्रयागराज पुलिस लाइन में आयोजित रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि बहनों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी एक भाई के रूप में निभाते रहेंगे। मंत्री नन्दी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी परिवार से दूर रहकर भी पूरी जिम्मेदारी के साथ कानून-व्यवस्था संभालती हैं। रक्षाबंधन के दिन उन्हें अपने भाई और परिवार की कमी महसूस न हो, इसी भावना से वह स्वयं पुलिस लाइन पहुंचे हैं। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को विश्वास दिलाया कि उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए वह सदैव भाई की तरह उनके साथ खड़े रहेंगे।

मंत्री नन्दी ने शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर अनोखे अंदाज में पर्व मनाया। पुलिस लाइन सभागार और मुट्ठीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों बहनों ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। सबसे पहले मंत्री नन्दी पुलिस लाइन पहुंचे, जहां महिला पुलिस अधिकारियों और आरक्षियों ने उनका स्वागत किया। महिला पुलिसकर्मियों ने आरती उतारकर उन्हें तिलक लगाया और अक्षत लगाकर कलाई पर राखी बांधी। मंत्री नन्दी ने सभी महिला पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उपहार भेंट किए।

इसके बाद मुट्ठीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन हुआ। यहां प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचीं भाजपा की महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अन्य महिलाओं ने मंत्री नन्दी को तिलक लगाकर राखी बांधी। कार्यक्रम में डेढ़ हजार से अधिक बहनों ने मंत्री नन्दी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। मंत्री ने भी प्रत्येक बहन से मुलाकात कर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए।

इस दौरान कई महिलाओं ने अपनी समस्याओं से भी मंत्री नन्दी को अवगत कराया। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाई के रूप में वह हमेशा बहनों के साथ खड़े रहेंगे और उनके सम्मान की रक्षा का दायित्व निभाएंगे।

बहनों ने कहा, जमीन से जुड़े हैं मंत्री नन्दी

रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी बेहद सरल और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं। वह समाज के सभी वर्गों के लोगों का सम्मान करते हैं और जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए आगे रहते हैं। कई महिलाओं ने बताया कि वे कई वर्षों से मंत्री नन्दी को राखी बांधती आ रही हैं। इस बार भी उनसे राखी बांधकर उन्हें काफी खुशी हुई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन और पार्टी कार्यालय दोनों जगह उत्साह और आत्मीयता का माहौल रहा। महिलाओं ने मंत्री नन्दी को राखी बांधकर उनके दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं मंत्री नन्दी ने भी बहनों को भरोसा दिलाया कि वह उनके सुख-दुख में भाई की तरह साथ खड़े रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story