हर किसी के जीवन में खुशियां आएं, यही हमारा प्रयास : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
हर किसी के जीवन में खुशियां आएं, यही हमारा प्रयास : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी


हर किसी के जीवन में खुशियां आएं, यही हमारा प्रयास : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी


हर घर रोशनी, हर घर दीपावली’ अभियान के तहत 750 परिवारों के 2779 बच्चों को कराई खरीदारी, पसंद के कपड़े और जूते खरीदकर मनाई दीपावली

प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। गरीब हो या अमीर, हर किसी को त्योहार मनाने का समान अधिकार है। दीपावली खुशियां बांटने का पर्व है। यदि ईश्वर ने हमें किसी के जीवन में खुशियां लाने और जरूरतमंदों की मदद करने योग्य बनाया है तो हमें आगे बढ़कर ऐसा जरूर करना चाहिए। हर किसी के जीवन में खुशियां आएं, यही हमारा प्रयास है। यह बातें गुरुवार को अपने ‘हर घर रोशनी, हर घर दीपावली’ अभियान के तहत प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।

वह मलिन बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांट रहे थे। इस दौरान 750 परिवारों के 2779 बच्चों को उनकी पसंद के कपड़े और जूते खरीदने का अवसर दिया गया। मंत्री नन्दी ने पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ बच्चों की खरीदारी कराई।

122 ई-रिक्शा से सुभाष चौराहे पहुंचे बच्चे

गुरुवार को 750 परिवारों के बच्चे और उनके अभिभावक 122 ई-रिक्शा से सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे पहुंचे। यहां मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री स्वयं बच्चों के साथ ई-रिक्शा में बैठकर सिटी कार्ट मॉल पहुंचे। मॉल में बच्चों को अपनी पसंद के कपड़े और जूते चुनने की पूरी छूट दी गई।

बिना बजट की चिंता किए खरीदे मनपसंद कपड़े और जूते

मंत्री नन्दी ने बच्चों से उनकी पसंद पूछी और उन्हें मनपसंद सामान खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों को बजट या बिल की चिंता किए बिना अपनी पसंद के कपड़े और जूते चुनने को कहा गया। इसके बाद बच्चों ने उत्साह के साथ रंग-बिरंगे कपड़े और जूते खरीदे। मनपसंद सामान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे मॉल में बच्चों की चहक और उत्साह से दीपावली जैसा माहौल बन गया।

2005 से चला रहे हैं खुशियां बांटने का अभियान

मंत्री नन्दी ने कहा कि वर्ष 2005 से लगातार दीपावली पर शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों के साथ त्योहार मनाते आ रहे हैं। ‘हर घर रोशनी, हर घर दीपावली’ अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को भी त्योहार की खुशियों में शामिल करना है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर जो खुशी मिलती है, वह सबसे अनमोल है।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने का पर्व है। गरीब परिवारों के बच्चों के चेहरे पर खुशी और मुस्कान देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। हर किसी को त्योहार मनाने का अधिकार है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि किसी के घर में खुशियों की कमी न रहे। ईश्वर ने यदि हमें दूसरों की मदद करने योग्य बनाया है तो जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने के लिए आगे आना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story