स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए वरदान, आजीविका का बनी सशक्त माध्यम : नंदी

WhatsApp Channel Join Now
स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए वरदान, आजीविका का बनी सशक्त माध्यम : नंदी


स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए वरदान, आजीविका का बनी सशक्त माध्यम : नंदी


स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं को बांटे गए स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई आईडी

प्रयागराज, 03 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए वरदान साबित हुई है। कोविड-19 के दौरान प्रभावित हुए छोटे दुकानदारों को इस योजना ने आर्थिक सहारा देने के साथ उनकी आजीविका को मजबूत बनाने का माध्यम प्रदान किया है। यह बातें कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने मंगलवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में कही। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और डिजिटल लेन-देन में सक्षम बनाना है।

नगर निगम और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से आयोजित महोत्सव में मंत्री नंदी और महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने पथ विक्रेताओं को योजना के तहत स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई आईडी वितरित किए। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि योजना के माध्यम से अब तक 64,558 पथ विक्रेताओं को छोटी-छोटी आजीविका से जोड़ा गया है। वहीं, 51,429 पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

कार्यक्रम में रूबी, निहाल, खुर्शीद, संध्या, श्याम बाबू, स्वाति, रोहित, मंजू, निशा, विभा, खुशबू, अजय, नमिता, कमल, अनुज, सुनीता, जुमन, कामिनी, जरीना, गुंजा, संदीप और कुलदीप को मंत्री और महापौर ने योजना के तहत स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई आईडी प्रदान की।

महोत्सव में पथ विक्रेताओं के बच्चों के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। मेहंदी प्रतियोगिता में अर्शी ने पहला, अंशी ने दूसरा और रितिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में काव्या प्रथम, नीलू द्वितीय और प्रीति तृतीय स्थान पर रहीं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले पथ विक्रेताओं के बच्चों आयसा जाहिर, अनन्या, अमित और अनिकेत को भी सम्मानित किया गया।

महोत्सव में स्वनिधि योजना से जुड़े विक्रेताओं ने खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से दुकानदारों को डिजिटल लेन-देन का प्रशिक्षण दिया गया और योजना का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई और बिक्री की। बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए।

इस दौरान भजन, गजल, नुक्कड़ नाटक, ढेड़िया नृत्य, जादू और लोकनृत्य सहित कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों ने इन कार्यक्रमों का आनंद लिया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा सहित नगर निगम और डूडा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story