पिता के जाने के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला : नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
पिता के जाने के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला : नन्दी


पिता के जाने के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला : नन्दी


मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की मां विमला देवी का निधन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन कर जताया शोक

प्रयागराज, 18 नवंबर (हि.स.)। पिता के निधन के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद जीवन की हर कठिनाई से लड़ने की ताकत देता रहा। उनका साथ जीवन में ईश्वर की मौजूदगी जैसा था। आज मां की छाया सिर से उठ गई। यह भावुक संदेश उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी के विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपनी मां विमला देवी के निधन पर साझा किया। बुधवार सुबह मां के निधन से मंत्री नन्दी और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

विमला देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। प्रयागराज के नाजरेथ अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। बुधवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मातृशोक से व्यथित मंत्री नन्दी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा कि पिता के जाने के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का संबल था। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी जैसी थी। उनके इस संदेश में मां के प्रति उनका गहरा प्रेम, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव झलका।

मंत्री नन्दी की माताजी के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर उनसे बातचीत की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस कठिन समय में मंत्री और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बहादुरगंज स्थित मंत्री नन्दी के आवास पहुंचे। उन्होंने विमला देवी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक पीयूष रंजन निषाद, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य और महापौर गणेश केसरवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विमला देवी के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और सांसद भोला सिंह सहित कई मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी शोक व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story