यूपी बोर्ड के 5,905 विद्यालयों ने अब तक जनरेट नहीं की नामावली, 22 अक्टूबर तक बढ़ी समयसीमा

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड के 5,905 विद्यालयों ने अब तक जनरेट नहीं की नामावली, 22 अक्टूबर तक बढ़ी समयसीमा


कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 और 12 के परीक्षा आवेदन से संबंधित विद्यार्थियों की नामावली अपलोड करने का निर्देश

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 और 12 के परीक्षा आवेदन से संबंधित विद्यार्थियों की नामावली अब तक प्रदेश के 5,905 विद्यालयों ने जनरेट नहीं की है। ऐसी स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नामावली जनरेट और डाउनलोड कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने की समयसीमा बढ़ाकर 22 अक्टूबर कर दी है। पहले इसके लिए 15 अक्टूबर तक का समय निर्धारित था।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश के संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली और कोषपत्र की एक प्रति संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करानी थी। हालांकि, प्रदेश के 5,905 विद्यालयों ने अभी तक नामावली जनरेट नहीं की है।

सचिव ने बताया कि विद्यार्थियों से संबंधित नामावली जनरेट और डाउनलोड कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने के लिए अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाई गई है। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा है, ताकि विद्यार्थियों के पंजीकरण और परीक्षा आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।

परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति में सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय के भीतर नामावली जमा करने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762234 Articles

Share this story