गुरु रविदास के समरसता विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : राजेश शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास के समरसता विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : राजेश शुक्ल


यमुनापार में गुरु रविदास जन्मस्थली की पावन माटी से युक्त कलश का भव्य स्वागत, चाका मंडल से निकली कलश वंदन यात्रा

प्रयागराज, 31 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उक्त बातें संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को यमुनापार के करछना विधानसभा क्षेत्र में यात्रा के दौरान भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहीं। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समानता और भाईचारे पर आधारित सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को यमुनापार के करछना विधानसभा क्षेत्र में गुरु रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी से युक्त कलश वंदन यात्रा पहुंची। चाका मंडल में अभियान के जिला संयोजक डॉ. देवी सिंह पटेल और सह संयोजक अनिल मिश्रा के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया गया। भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कलश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर यात्रा का शुभारंभ किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि चकगरीबदास हनुमान मंदिर से मामा-भांजा तालाब बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। मार्ग में लोगों ने कलश का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया और गुरु रविदास महाराज के जयकारे लगाए।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान लोगों ने गुरु रविदास के समानता, सामाजिक एकता और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कलश यात्रा के माध्यम से समाज में भेदभाव समाप्त कर आपसी भाईचारा मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ. देवी सिंह पटेल, सह संयोजक अनिल मिश्रा, जिला मंत्री पृथ्वी पाल सिंह, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह पटेल, पार्षद संजय कुमार पासवान, बालराज पटेल, अमित पाण्डेय, अभिषेक त्रिपाठी, चन्दन सिंह, राजू सिंह पटेल, शोभा द्विवेदी, अभिषेक सिंह, सुनील उपाध्याय, बबलू गौतम, मोहित अग्रहरि, अनिरुद्ध जायसवाल, सतीश जायसवाल, राम अवध चौरसिया, अनुज पटेल, अनिल गौड़, मनोज भारती, भोलानाथ गुप्ता, विजय शंकर मिश्रा और वीरेंद्र सोनकर सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story