यमुनापार में बूथ कब्जाने का दौर खत्म, गुंडागर्दी करने वाले मिट्टी में मिल जाएंगे : केशव मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
यमुनापार में बूथ कब्जाने का दौर खत्म, गुंडागर्दी करने वाले मिट्टी में मिल जाएंगे : केशव मौर्य


यमुनापार में बूथ कब्जाने का दौर खत्म, गुंडागर्दी करने वाले मिट्टी में मिल जाएंगे : केशव मौर्य


यमुनापार में बूथ कब्जाने का दौर खत्म, गुंडागर्दी करने वाले मिट्टी में मिल जाएंगे : केशव मौर्य


अशोक कुमार राठौर के समर्थन में करछना में प्रबुद्ध सम्मेलन, बोले- 23 अक्टूबर का मतदान 2027 के शुभारंभ का चुनाव भाजपा विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित प्रयागराज के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही

प्रयागराज, 18 अक्टूबर (हि.स.)। यमुनापार में बूथ कब्जाने और गुंडागर्दी के दम पर चुनाव जीतने का दौर समाप्त हो चुका है। गुंडे, अपराधी और माफिया भाजपा के कार्यकर्ताओं का मुकाबला नहीं कर सकते। उक्त बातें रविवार को प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में एमएलसी प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाला इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव की शुरुआत का संकेत है। उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर इस चुनाव में जीत हासिल करेंगे। भाजपा विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित प्रयागराज के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

रविवार को करछना स्थित प्रयाग ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, बेदौ में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ईवीएम से नहीं, बल्कि मतपत्रों से होना है। इसमें शिक्षित और जागरूक मतदाता अपने विवेक, विश्वास और विकास के मुद्दों के आधार पर निर्णय लेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को बताने का आह्वान किया।

पीडीए को बताया फर्जी, कानून-व्यवस्था का किया उल्लेख

केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को फर्जी बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब गुंडागर्दी और माफियागिरी की राजनीति स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों पर अंकुश लगा है। आज लोग दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे धार्मिक आयोजनों में भय के बिना भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता विकास और सुशासन के मुद्दों पर जनता के बीच जाते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर चुनाव में हार के बाद ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को मतपत्रों से होने वाले इस चुनाव में भी भाजपा की ताकत का एहसास होगा। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा इस चुनाव के माध्यम से जनता का विश्वास और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2047 तक केंद्र में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।

प्रयागराज के सम्मान का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज का सम्मान उनके लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस सम्मान को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और दूरदर्शी सोच के साथ ही प्रदेश और देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

भाजपा नेताओं ने भी की समर्थन की अपील

सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने की। उन्होंने अतिथियों और प्रबुद्ध मतदाताओं का स्वागत करते हुए अशोक कुमार राठौर को प्रथम वरीयता का अधिक से अधिक मत दिलाने की अपील की।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, जिला प्रभारी अनिल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी, करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद, प्रदेश मंत्री पिछड़ा मोर्चा पूजा बिंद, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, पूर्व विधायक कलेक्टर पांडेय, राजबली जैसल, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त सिंह पटेल, विनोद प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, आरके शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश द्विवेदी और आनंद तिवारी सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक राकेश पांडेय ने किया, जबकि भाजपा नेता एवं संस्थान के प्रबंधक ज्ञान सिंह पटेल ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध मतदाता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763238 Articles

Share this story