मोदी के नेतृत्व में बारह वर्ष में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की भारत ने : संजय गुप्ता
पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज के मंदिरों में हुआ विशेष पूजन
प्रयागराज, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह बातें बुधवार को बारह वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी करोड़ों देशवासियों की आशाओं और विश्वास के प्रतीक हैं तथा उनके नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 4,399 दिनों की सतत राष्ट्रसेवा, 140 करोड़ देशवासियों के अटूट विश्वास और सेवा, सुशासन एवं संकल्प के स्वर्णिम अध्याय के लिए प्रयागराज महानगर भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन एवं शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी केवल एक नेता नहीं, बल्कि देशवासियों की आशाओं, आकांक्षाओं और विश्वास के प्रतीक हैं। राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और विकसित भारत का सपना उनके नेतृत्व में साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
केंद्र में प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर इकाई की ओर से शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन, हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड एवं पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं सफल कार्यकाल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में आयोजित कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि भाजपा महानगर के सभी 15 मंडलों—विश्वविद्यालय, राजरूपपुर, प्रीतम नगर, शिवकुटी, भरद्वाज, वेणी माधव, सिविल लाइंस, कीडगंज, मुट्ठीगंज, नैनी, सदर यमुना पट्टी, गंगा पट्टी, खुल्दाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में भी पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी, रमेश पासी, डॉ. शैलेश पांडेय, आनंद श्रीवास्तव, मुरारीलाल अग्रवाल, कीर्तिका अग्रवाल, वंदना सिंह, शिखा रस्तोगी, विक्रम भदौरिया, वरुण केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, अरुण पटेल, विजय द्विवेदी, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, मोहित गुप्ता, मनोज श्रीवास्तव, शोभिता श्रीवास्तव, किरन जायसवाल, विश्वास श्रीवास्तव, प्रवीण भारती, मयंक दुबे, राजेश गोंड, नवाब खान, मोहम्मद शरीफ, बिलाल अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

